logo

बिहारी मजदूरों पर हमले की खबरों के बीच आज तमिलनाडु जाएंगे चिराग पासवान

chiraj_paswan2.jpg

द फॉलोअप डेस्क

तमिलनाडु मामले को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान आज तमिलनाडु जाएंगे। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बात बिहार के लोगों की है तमिलनाडु में रह रहे बिहारियों के सुरक्षा की है। उन्होंने आगे कहा कि चेन्नई,कोयंबटूर समेत तमिलनाडु के कई इंडस्ट्रियल एरिया में बिहार के जमुई जिले के रहने वाले लोग भी काम करते हैं। चिराग पासवान जमुई से सांसद हैं। बता दें कि चिराग पासवान पहले ऐसे राजनेता है जो खुद तमिलनाडु जाकर मामले की जानकारी लेंगे। वहीं इस मामले को लेकर जमूई सांसद ने गृहमंत्री अमित शाह को भी पत्र लिखा था।

मजदूरों और कामगारों से मिलेंगे चिराग
मिली जानकारी के अनुसार चिराग पासवान सोमवार की सुबह 10:40 बजे ही चेन्नई एयरपोर्ट पहुंच जाएंगे। वहां से वो महालया रेजीडेंसी जाएंगे। यहीं पर वो वहां रह रहे मजदूरों और कामगारों से मिलेंगे। उनसे बातें करेंगे। उनकी समस्याओं को सुनेंगे और समझेंगे। इसके बाद चेन्नई में चिराग पासवान मीडिया से भी मुखातिब होंगे। फिर दोपहर 1 बजे चिराग पासवान राजभवन जाएंगे और राज्यपाल थिरु आरएन रवि से मुलाकात करेंगे। एक ज्ञापन सौंपकर वहां रह रहे बिहारियों की सुरक्षा की मांग करेंगे। उनकी समस्याओं से भी अवगत कराएंगे। चिराग की यह यात्रा एक दिवसीय है।


राजनीतिक गलियारे में बवाल
चिराग ने कहा था कि बिहारी मजदूरों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। वह बाहर राज्य काम करने और रोजी रोटी कमाने जाते हैं। इस तरह की खबरें आ रहीं हैं तो इसकी जांच होनी चाहिए। इसी सिलसिले में वो मजदूरों की सुरक्षा को आश्वस्त करने के लिए वहां के राज्यपाल से आज मुलाकात करेंगे। इस मामले पर पप्पू यादव ने भी आवाज उठाई है। उनका भी कहना रहा है कि मामले की जांच होनी चाहिए। इसके अलावा प्रशांत किशोर ने भी तेजस्वी का घेराव किया था। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से एक वीडियो रीट्वीट किया था और दोनों राज्यों की सरकार पर सवाल दागा था। जो वीडियो उन्होंने रीट्वीट किया उसमें बिहारी मजदूरों से मारपीट की जा रही थी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT